लखनऊ

यूपी बजट 2026: 9.12 लाख करोड़ का बजट पेश, यूपी में 65% मोबाइल प्रोडक्शन; 15 लाख करोड़ के निवेश का दावा:-

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अपना दसवां बजट विधानसभा में पेश कर दिया है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सदन में 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया। यह बजट सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट माना जा रहा है, क्योंकि इसके बाद विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं।
इस बार बजट में निवेश, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, कृषि उन्नयन और बुनियादी ढांचे के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार ने इसे “विकास और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश” की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
यूपी बना देश का सबसे बड़ा मोबाइल विनिर्माण केंद्र
वित्त मंत्री ने विधानसभा में कहा कि उत्तर प्रदेश आज भारत का सबसे बड़ा मोबाइल फोन विनिर्माण केंद्र बन चुका है। देश के कुल मोबाइल फोन उत्पादन का 65 प्रतिशत उत्पादन प्रदेश में हो रहा है। यह उपलब्धि प्रदेश में विकसित हो रहे इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर्स और औद्योगिक नीतियों का परिणाम मानी जा रही है।
साथ ही, भारत की 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स इकाइयां भी उत्तर प्रदेश में स्थित हैं। प्रदेश का इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात बढ़कर 44,744 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो राज्य की औद्योगिक क्षमता को दर्शाता है।
15 लाख करोड़ निवेश और 16 हजार परियोजनाएं
सरकार के अनुसार अब तक लगभग 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर काम शुरू हो चुका है। करीब 16 हजार से अधिक परियोजनाओं के लिए चार ग्राउंड ब्रेकिंग समारोह आयोजित किए जा चुके हैं। इन परियोजनाओं के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
स्टार्टअप और नवाचार में यूपी को ‘लीडर’ रैंकिंग
प्रदेश में नवाचार और तकनीकी विकास को बढ़ावा देने के प्रयासों के चलते उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर श्रेणी’ का दर्जा मिला है। सरकार का कहना है कि युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और स्टार्टअप सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
कृषि क्षेत्र में यूपी पहले स्थान पर
वित्त मंत्री ने बताया कि कृषि उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। सरकार एग्री एक्सपोर्ट हब विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लाखों किसानों को लाभ मिला है। इसके अलावा गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान करने का भी दावा किया गया।
सर्वांगीण विकास का दावा
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि योगी सरकार के दोनों कार्यकाल में प्रदेश का सर्वांगीण विकास हुआ है। कानून व्यवस्था में सुधार, इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार, औद्योगिक निवेश, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास और गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
UP Budget 2026 को आगामी चुनावों से पहले सरकार की विकास रिपोर्ट कार्ड के रूप में देखा जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि इन घोषणाओं का जमीनी स्तर पर कितना असर दिखाई देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *