Hardoi News: शाहाबाद ने हिंगुआपुर को 53 रन से हराकर जीता टूर्नामेंट
कानपुर ब्यूरो
Updated Sun, 08 Mar 2026 11:13 PM IST

हरियावां। क्षेत्र के मुरवा गांव में आयोजित मुरवा प्रीमियर लीग में रविवार काे फाइनल मैच खेला गया। टूर्नामेंट के फाइनल में शाहाबाद और हिंगुआपुर के बीच मुकाबला हुआ। इसमें शाहाबाद की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हिंगुआपुर को 53 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। मैच के बाद विजेता टीम और खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
मुरवा प्रीमियर लीग मैच की शुरुआत आयोजक प्रशांत सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके की। शाहबाद की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में तेज खेलते हुए 15.5 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 145 रन बनाए। टीम की ओर से छोटू ने 24 गेंदों पर 63 रनों की नाबाद पारी खेली।लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिंगुआपुर टीम के लगातार विकेट गिरते रहे। बीच में चंदन और अवनीश ने पारी को संभालते हुए 35 रनों की साझेदारी की लेकिन उनके आउट होते ही टीम बिखर गई। पूरी टीम 10 ओवर में मात्र 92 रनों पर सिमट गई। हिंगुआपुर की टीम 53 रन से मैच हार गई। मैच के समापन पर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शशांक सिंह ने विजेता टीम शाहबाद के कप्तान फैजल को 30 हजार रुपये और उपविजेता टीम के कप्तान अशोक वर्मा को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
मैन ऑफ द मैच छोटू को और बेस्ट बॉलर का खिताब अली को दिया गया। उन्हें 2,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। कॉमेंट्री शशि श्रीवास्तव व शुभम ने व अंपायरिंग डॉ. आरपी सिंह और दीपू कुमार ने की। इस अवसर पर समाजसेवी मुनेंद्र सिंह, अंबुज, शिवकुमार मिश्रा, पूर्व प्रधान सोमेश श्रीवास्तव, दीपक वर्मा मौजूद रहे।