Hardoi News: अनियंत्रित ट्रक गुमटी, बाइक और ई-रिक्शा को टक्कर मारता हुआ दीवार में घुसा
कानपुर ब्यूरो
Updated Thu, 12 Mar 2026 12:13 AM IST

हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के पोखरी तिराहा पर बुधवार सुबह मौरंग लदा अनियंत्रित ट्रक गुमटी, ठेला, बाइक और ई-रिक्शा को टक्कर मारता हुआ विद्यालय की दीवार में घुसा गया। दो सगे भाइयों को मामूली चोटें आईं हैं। इसमें लोगों का काफी नुकसान हो गया। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पड़ौव निवासी सुधीर (28) की पोखरी तिराहा के पास गुमटी है। वह कोल्ड ड्रिंक और पान मसाला बेचते हैं। वहीं पर उनके छोटे भाई नीरज (30) टिक्की-बताशे का ठेला लगाते हैं। पास में चंद्रा देवी शिक्षा निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय है। सुधीर ने बताया कि बुधवार की सुबह दोनों भाई दुकान के पास मौजूद थे। पास में ही उनकी बाइक और ग्राहक का ई-रिक्शा खड़ा था। इस दौरान हरदोई की ओर से मौरंग लदा अनियंत्रित ट्रक आता दिखा। वह चिल्लाए तो वहां मौजूद लोग इधर-उधर भाग गए। ट्रक उनकी गुमटी, ठेला, बाइक और ई-रिक्शा में टक्कर मारता हुआ विद्यालय की दीवार में जा घुसा। इसमें सुधीर और नीरज मामूली रूप से घायल हो गए। ट्रक छोड़ कर चालक मौके से भाग गया। पुलिस को सूचना दी गई। इसमें गुमटी, खोखा, बाइक और ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया। दीवार गिरने से विद्यालय प्रबंधन को भी काफी नुकसान हुआ है। देहात कोतवाल हरिनाथ यादव ने बताया कि ट्रक कब्जे में है। मामले की जांच की जा रही है।