Hardoi News: चालक को झपकी आने से खंती में पलटा ऑटो, विवाहिता की मौत, छह घायल
कानपुर ब्यूरो
Updated Thu, 05 Mar 2026 10:56 PM IST

हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के पिहानी मार्ग पर भूरा टीकुर के पास चालक को झपकी आने से ऑटो अनियंत्रित होकर खंती में जाकर पेड़ से टकरा गया। घटना में ऑटो सवार महिला की मौत हो गई जबकि छह लोग घायल हो गए। मृतका के पति समेत तीन लोगों को लखनऊ रेफर किया गया है। हादसा बृहस्पतिवार सुबह हुआ।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बनियानीपुरवा निवासी रवि (27) ऑटो चालक हैं। रवि ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह पिहानी से सवारियां लेकर हरदोई जा रहे थे। उनके ऑटो में देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चक निवासी लज्जाराम (50), लज्जाराम की पत्नी सुमिला (45) सवार थीं। सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम ककरैया में सुमिला के भाई शिशुपाल का तेरहवीं संस्कार छह मार्च को है। इसी में शामिल होने दंपती जा रहे थे। ऑटो में पिहानी नगर के मोहल्ला मिश्राना निवासी अभय गुप्ता (26), अभय की पत्नी खुशी (24), पिहानी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमौर निवासी रामपाल यादव (65) और हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम मरई निवासी सलामत (22) थे। चालक समेत सात लोग ऑटो में थे।
हरदोई-पिहानी मार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भूरा टिकुर के पास रवि को झपकी आ गई। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर खंती में जाकर पेड़ से टकरा गया। इससे सातों लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक ने सुमिला को मृत घोषित कर दिया। लज्जाराम, अभय और खुशी को लखनऊ रेफर कर दिया। सुमिला के परिवार में पति, तीन पुत्र और एक पुत्री है। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि चालक को झपकी आने से घटना हुई है।