Delhi NCR News: एक छत के नीचे मिलेंगी 118 तरह की जांच सुविधाएं
11 अस्पतालों में स्थापित होंगी एकीकृत जनस्वास्थ्य लैब, जुलाई से शुरू होने की संभावना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्लीवासियों को एक छत के नीचे 118 तरह की जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की कवायद जारी है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवरंचना मिशन के तहत एकीकृत जनस्वास्थ्य लैब स्थापित करने के लिए माइक्रोबायोलॉजिस्ट, बायोकेमिस्ट व पैथोलॉजिस्ट की नियुक्ति के लिए उम्मीदवारों के साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि लैब टेक्नीशियन की सत्यापन और साक्षात्कार संबंधी प्रक्रिया 21 मई तक चलेगी। दिल्ली सरकार ने बजट में लैब स्थापित करने की घोषणा की थी। इनसे स्वास्थ्य केंद्र जुड़ेंगे।
यह लैब 24 घंटे संचालित होंगी। जिसके जुलाई महीने से शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। लैब के लिए अस्पतालों में जगह चिह्नित की जा चुकी है। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। दिल्ली के जिन 11 अस्पतालों में इन लैब की स्थापना होगी उनमें लोकनायक अस्पताल, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, इंदिरा गांधी अस्पताल, पंडित मदन मोहन मालवीय अस्पताल, सत्यवादी राजा हरीश चंद्र अस्पताल, आचार्य श्री भिक्षु अस्पताल आदि शामिल हैं।