Shahjahanpur News: पत्नी मायके से नहीं आई तो पति ने कर ली आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के गांव बड़ागांव में अर्जुन लाल के पुत्र अवनीश कुमार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव रविवार रात घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला। परिजनों के अनुसार पत्नी के मायके से नहीं आने के कारण अवनीश ने आत्महत्या कर ली है।
ग्राम बड़ागांव निवासी अर्जुन लाल ने बताया कि उनके पुत्र अवनीश कुमार की शादी पांच माह पूर्व बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र की युवती से हुई थी। 24 अप्रैल को अवनीश पत्नी को साथ में लेकर ससुराल में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया था। 27 अप्रैल को शादी कार्यक्रम होने के कुछ दिन बाद घर आने को लेकर पत्नी से कुछ कहासुनी हो गई।
विज्ञापन
दुपट्टे से फंदा बनाकर लटका
10 मई की रात एक बजे अवनीश घर पहुंचा और अपने कमरे में जाकर लेट गया। रात में ही कमरे के अंदर पंखे में दुपट्टे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने बुलाया तो अंदर से आवाज नहीं आने पर दरवाजा तोड़ा गया।
कमरे के अंदर फंदे तक लटकता हुआ अवनीश का शव मिला। मामले की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए।
अवनीश की मौत से पिता अर्जुन, मां सुनीता देवी, बड़े भाई सुरजीत, छोटे भाई कुलदीप, दिलीप, विनीत, सुमित और बहन राधा, रुक्मणी रो रोकर बेहाल हैं। थाना प्रभारी आरके रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार मामला आत्महत्या का लग रहा है। कई पहलुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।