लखनऊ

Unnao Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सूअरों से लदे ट्रक से भिड़ी स्लीपर बस, 10 बेजुबानों की मौत, यात्री गंभीर घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र में इनायतपुर बर्रा गांव के पास तेज रफ्तार स्लीपर बस ओवरटेक के प्रयास में सूअरों से लदे ट्रक से साइड से टकरा गई। इस भीषण हादसे में ट्रक में लदे 80 सूअरों में से 10 की मौके पर मौत हो गई, जबकि बस में सवार एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बनारस से जयपुर जा रही महालक्ष्मी ट्रैवल्स की स्लीपर बस मंगलवार तड़के करीब साढ़े छह बजे एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। आगे चल रहे सूअर लदे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कई सूअर सड़क पर गिर पड़े और एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बस के आगे की सीट पर बैठे जयपुर निवासी सुल्तान अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद यूपीडा कर्मियों और पुलिस ने घायल यात्री को तत्काल एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद ट्रक में बचे जिंदा सूअर एक्सप्रेसवे पर इधर-उधर घूमने लगे, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और यूपीडा टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों व सूअरों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान लापरवाही सामने आई है।
यह हादसा एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज गति और असावधानी से होने वाले खतरों की ओर इशारा करता है। समय रहते सावधानी बरती जाती तो इस दुर्घटना को टाला जा सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *