Hardoi News: घरेलू को वरीयता, व्यावसायिक गैस सिलिंडर मिल नहीं रहे, डीजल भट्ठी बनी सहारा
कानपुर ब्यूरो
Updated Tue, 10 Mar 2026 11:15 PM IST

विज्ञापनहरदोई। खाड़ी देशों में संकट और पेट्रोलियम पदार्थों के परिवहन लागत में वृद्धि से पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस को प्राथमिकता दी है। इससे व्यवसायिक गैस सिलिंडर की रिफिल नहीं मिल पा रही है। व्यवसायियों ने रिफिल न मिलने पर फिर से एक बार डीजल और कोयला भट्टी का इस्तेमाल शुरू किया है।
मध्य खाड़ी देशों में संकट और जल यातायात परिवहन लागत में वृद्धि से पेट्रोलियम पदार्थों में शामिल रसोई गैस और व्यवसायिक गैस सिलिंडर की रिफिल को लेकर दिक्कतें आने लगी हैं। पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस सिलिंडर को वरीयता दी है। इससे व्यवसायिक सिलिंडर की रिफिल की आपूर्ति गैस एजेंसियों को ही नहीं मिल पा रही है। इससे व्यवसायिक सिलिंडर की रिफिल न के बराबर हो पा रही है। जिले में विभिन्न कंपनियों की 70 गैस एजेंसियां हैं। इन पर उज्जवला योजना को मिलाकर घरेल 8,63,107 रसोई कनेक्शन हैं। जबकि व्यवसायिक के करीब 1,200 कनेक्शन हैं। एजेंसियों पर व्यवसायिक सिलिंडर की आपूर्ति न होने से रिफिल भी नहीं मिल पा रही है। इससे व्यवसायियों ने डीजल भट्ठी और कोयला भट्ठी उपयोग में लानी शुरू की हैं।संडीला नगर में दो गैस एजेंसी हैं। गैस एजेंसियां पर घरेलू गैस कनेक्शन 24,000 और व्यवसायिक 200 कनेक्शन हैं। वर्तमान समय में दोनों एजेसियां के पास व्यवसायिक और घरेलू सिलिंडर रिफिल के लिए नहीं हैं। एक गैस एजेंसी पर तीन मार्च से ही आपूर्ति नहीं आई है।
—
केस एक : नत्था स्वीट एंड नमकीन के प्रोपराइटर अमित वर्मा ने बताया कि कामर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे उन्होंने दुकान के संचालन और ग्राहकों को समय से सामग्री उपलबध कराने के लिए डीजल भट्ठी को उपयोग में लाना शुरू किया है। सिलिंडर न मिल पाने से दिक्कतें तो हैं, लेकिन अब दुकान भी चलाना है।
—
केस दो भाऊ चार्ट कॉर्नर के संचालक अंकुर कुमार ने बताया कि कामर्शियल सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। इससे दुकान संचालन में समस्या आई है। दुकान संचालन के लिए अब वह कोयला वाली भट्ठी का प्रयोग कर रहे हैं।
—–
रसोई गैस सिलिंडर अब 21 के बजाय 25 दिन बाद मिलेगा
एलपीजी के जिला समन्वयक विशाल पोरवाल ने बताया कि उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की रिफिल की बुकिंग के समय न्यूनतम 21 दिन को बढ़ाकर 25 दिन किया गया है।
—
उपभोक्ताओं को समय से रिफिल की आपूर्ति की जाए
डीएम अनुनय झा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी ऑयल कंपनियों के सेल्स अफीसर्स- प्रतिनिधियों से कहा कि उपभोक्ताओं को समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जनपद में डीजल, पेट्रोल, एलपीजी, सीएनजी आदि के स्टॉक और उपलब्ध होने की समीक्षा की। कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है। किसी भी प्रकार की कृत्रिम अभाव की स्थिति पैदा न की जाए। ऐसा पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। गैस सिलिंडर की आपूर्ति समय से उपभोक्ताओं को कराई जाए।