लखनऊ

Lucknow Crime: पिता की हत्या के बाद बेटे ने खिलाई पनीर और मिठाई, बहन को दी खौफनाक धमकी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। एक कलयुगी बेटे ने न केवल अपने पिता की जान ली, बल्कि हत्या के बाद घर में इस कदर सामान्य माहौल बनाए रखा कि किसी को शक तक नहीं हुआ। हत्या के बाद आरोपी बेटा बाजार से पनीर और मिठाई लेकर आया और पूरे परिवार के साथ बैठकर खाना खाया।

खून से सने हाथ और चेहरे पर मुस्कान

​पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अक्षत के चेहरे पर अपने पिता मानवेंद्र की हत्या के बाद पछतावे की एक शिकन तक नहीं थी। जिस पिता ने अपने बच्चों के भविष्य के लिए अपनी पूरी जिंदगी लगा दी, यहां तक कि उनकी परवरिश में कोई कमी न रह जाए इसलिए दूसरी शादी तक नहीं की, उसी बेटे ने उनकी जीवनलीला समाप्त कर दी।

​हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद अक्षत ने बड़ी चालाकी से सबूत मिटाने और लोगों को गुमराह करने की कोशिश की। वह बाजार गया और वहां से पनीर और मिठाई खरीदी। उसने अपनी चाची को पनीर बनाने के लिए दिया। चाची ने खाना तैयार किया और फिर अक्षत ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ बैठकर सामान्य रूप से भोजन किया। उसने सबको मिठाई भी खिलाई ताकि घर में किसी को भी यह आभास न हो कि कमरे के भीतर एक खौफनाक कत्ल हो चुका है।

दहशत के साये में 11वीं की छात्रा

​इस पूरी वारदात की सबसे दर्दनाक कड़ी आरोपी की छोटी बहन कृति है। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली कृति उस वक्त कमरे में ही मौजूद थी जब उसके भाई ने पिता की हत्या की। हत्या के बाद अक्षत ने अपनी बहन को खौफ की ऐसी जंजीरों में जकड़ा कि वह ‘पत्थर’ बन गई। आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने मुंह खोला तो वह उसे भी मार डालेगा।

​इसी दहशत का नतीजा था कि पिता की मौत के अगले दिन यानी 20 फरवरी को कृति स्कूल में अपनी परीक्षा देने भी गई। उसने परीक्षा लिखी, सहेलियों और शिक्षकों से मिली, लेकिन किसी को भी घर के भीतर हुए इस तांडव की भनक नहीं लगने दी। वह चुपचाप घर लौट आई और भाई के हर आदेश का पालन करती रही।

एक पिता का निस्वार्थ प्रेम और अंत

​कॉलोनी के निवासियों और रिश्तेदारों के अनुसार, मानवेंद्र अपनी बेटी कृति और बेटे अक्षत से बेहद प्यार करते थे। वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर इतने फिक्रमंद थे कि वे अक्सर बच्चों के कमरे में ही सोते थे। उन्होंने अपनी खुशियों का गला घोंटकर केवल बच्चों के बेहतर भविष्य का सपना देखा था। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि जिस बेटे को वे पाल-पोसकर बड़ा कर रहे हैं, वही एक दिन उनकी जान का दुश्मन बन जाएगा।

पुलिस की कार्रवाई

​मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी अक्षत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस हत्याकांड में किसी और की संलिप्तता थी या अक्षत ने अकेले ही इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। फिलहाल, लखनऊ पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *