UP: चेतन की एक प्रेमिका भी थी, बालकनी से गिरकर हुई थी मौत; लड़कियों के पिता की पुरानी जिंदगी के खुल रहे पन्ने
गाजियाबाद में तीन बहनों की खुदकुशी मामले में नया खुलासा हुआ है। बच्चियों के पिता को लेकर बड़ा राज खुला है। चेतन कुमार की एक प्रेमिका भी थी। उसकी बालकनी से गिरकर मौत हुई थी। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे हो रहे हैं।

गाजियाबाद में तीन बहनों की खुदकुशी मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, बच्चियों के पिता चेतन कुमार की पुरानी जिंदगी के पन्ने खुलते जा रहे हैं। उनकी निजी जिंदगी से जुड़े एक के बाद एक मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चेतन की एक प्रेमिका आंचल उर्फ तब्बू थी, जिसकी वर्ष 2018 में बालकनी से गिरकर मौत हो गई थी।
यह हादसा राजेंद्र नगर सेक्टर-2 स्थित शुभधाम अपार्टमेंट के उस फ्लैट में हुआ था, जहां चेतन रहते थे। बताया जा रहा है कि आंचल को चेतन वर्ष 2018 में अपने साथ रहने के लिए घर ले आए थे। इसके बाद से चेतन, उनकी पत्नी सुजाता और हिना के बीच घरेलू कलह शुरू हो गई थी।
चेतन का कहना है कि एक दिन वह घर से बाहर थे। लौटने पर पता चला कि आंचल ने बालकनी से कूदकर आत्महत्या कर ली है। आंचल की मौत के बाद चेतन की पहचान उसकी रिश्तेदार टीना से हुई। वह भी सीलमपुर की रहने वाली है।