आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा: दंपती समेत मासूम बेटे की मौत, पिकअप ने मारी थी टक्कर; 50 मीटर तक घसीटा
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार दंपती और उनके मासूम बेटे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पिकअप में फंस गई और करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई।
हादसे में कप्तानगंज थाना क्षेत्र के संतोष विश्वकर्मा, उनकी पत्नी शशिकला उर्फ गुड़िया और आठ वर्षीय बेटे रेयांश की मौत हो गई।
परिवार गोरखपुर से रिश्तेदारी से लौट रहा था। बताया गया कि वे गलती से आगे निकल गए थे, तभी गलत दिशा से आ रही पिकअप ने सामने से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संतोष टक्कर के बाद करीब 20 मीटर दूर जा गिरे, जबकि घायल मां-बेटे को अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने पहले शशिकला और बाद में रेयांश को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस और यूपीडा की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य किया और जांच शुरू कर दी है।
