यूपी: प्रदेश में बिजली खपत का टूटा पुराना रिकॉर्ड, 24 मई को 31824 मेगावाट रही मांग; पीछे छूटा महाराष्ट्र
भीषण गर्मी और नौतपा के असर के बीच उत्तर प्रदेश में बिजली खपत ने नया रिकॉर्ड बना दिया।
24 मई को प्रदेश में बिजली की अधिकतम मांग 31,824 मेगावाट तक पहुंच गई, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा माना जा रहा है।
इसके साथ ही यूपी ने बिजली खपत के मामले में महाराष्ट्र को भी पीछे छोड़ दिया।
ऊर्जा विभाग के अनुसार, तेज गर्मी, एयर कंडीशनर और कूलर के बढ़ते उपयोग तथा शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बढ़ी खपत इसकी प्रमुख वजह रही।
कई जिलों में लगातार बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफार्मरों और उपकेंद्रों पर दबाव भी बढ़ा है।पावर कॉर्पोरेशन ने दावा किया है कि रिकॉर्ड मांग के बावजूद आपूर्ति व्यवस्था को बनाए रखने की कोशिश की गई,
हालांकि कुछ इलाकों में लोकल फॉल्ट और ओवरलोडिंग के कारण कटौती और ट्रिपिंग की शिकायतें भी सामने आईं।विशेषज्ञों का मानना है कि अगर आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ा तो बिजली मांग का यह रिकॉर्ड फिर टूट सकता है।
