Lucknow News: तपिश के साथ बढ़ी उमस की मार, हाल बेहाल
लखनऊ में भीषण गर्मी के साथ अब उमस ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिन में तेज धूप और 42-43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान के कारण हाल बेहाल हैं, वहीं रात में भी गर्म हवाओं और नमी की वजह से राहत नहीं मिल रही।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक राजधानी और आसपास के इलाकों में “वॉर्म नाइट” की स्थिति बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान करीब 43°C और न्यूनतम 30°C के आसपास रहने का अनुमान है। हवा में नमी बढ़ने से लोगों को वास्तविक तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू का असर जारी है और कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक दिन में लू और शाम के समय कहीं-कहीं तेज हवा या हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
बढ़ती गर्मी के कारण बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ी है। यूपी देश में बिजली खपत के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि कई इलाकों में बिजली कटौती की शिकायतें भी सामने आ रही है
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई के आखिर तक गर्मी और उमस का यह दौर जारी रह सकता है, हालांकि सप्ताह के अंत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
