Hardoi News: मां कुसुमा देवी मंदिर के सुंदरीकरण के लिए मिले 33 लाख
कानपुर ब्यूरो
Updated Mon, 23 Mar 2026 11:20 PM IST

हरदोई। बावन स्थित मां कुसुमा देवी मंदिर के सुंदरीकरण के काम के लिए शासन ने दूसरी किस्त में 33 लाख रुपये और दे दिए हैं। दूसरी किस्त के रुपये मिलने से काम में तेजी आने की उम्मीद है।
उप्र पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के माध्यम से मां कुसुमा देवी मंदिर पर कराए जा रहे काम के लिए शासन ने साल 2025 में 78,19,000 रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दी थी। शासन ने 24 जनवरी 2025 को काम कराने के लिए 30,00,000 रुपये भी दिए थे। कार्यदायी संस्था ने प्रक्रिया पूरी कराते हुए काम शुरू करा दिया है। मां कुसुमा देवी मंदिर के सुंदरीकरण के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बहुउद्देशीय हॉल, पेयजल, प्रकाश आदि काम कराए जा रहे हैं।शासन के उप सचिव संजीव कुमार श्रीवास्तव ने जारी पत्र में कहा कि दूसरी किस्त में 33,00,000 रुपये दिए जाने की जानकारी है। कहा कि काम समय से कराया जाना है। गुणवत्ता और रुपये खर्च किए जाने में गड़बड़ी पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
काम का थर्ड पार्टी सत्यापन कराया जाएगा
शासन के उप सचिव संजीव कुमार श्रीवास्तव ने जारी पत्र में कहा कि बावन स्थित मां कुसुमा देवी अति प्राचीन मंदिर में पर्यटन विकास के लिहाज से कराए जा रहे काम का थर्ड पार्टी सत्यापन भी 15 दिन के अंदर कराया जाना है। उन्होंने पर्यटन विभाग के महानिदेशक से कहा कि आख्या भी शासन को प्राप्त कराई जाए।
—
बावन स्थित मां कुसुमा देवी मंदिर पर पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से कराए जा रहे काम का अभी हाल ही में निरीक्षण किया गया था। शासन से दूसरी किस्त के रुपये मिलने की जानकारी मिली है। कार्यदायी संस्था और पर्यटन विभाग के अधिकारियों से कहा गया कि काम में समयसीमा और गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। एस्टीमेट में शामिल सभी काम समय से कराने के निर्देश दिए गए हैं। -अनुनय झा, जिलाधिकारी