प्रयागराज: घरेलू कलह ने उजाड़ा हंसता-खेलता परिवार, पति ने धारदार हथियार से पत्नी को उतारा मौत के घाट
प्रयागराज (सहसों): संगम नगरी के गंगापार इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सरायइनायत थाना क्षेत्र के वारी ग्रामसभा अंतर्गत पट्टी छींट गांव में एक पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को मोबाइल लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, वारी ग्रामसभा के पट्टी छींट गांव निवासी शैलेश, जो पेशे से पेंटिंग का काम करता है, का अपनी 32 वर्षीय पत्नी संगीता देवी के साथ किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात घर के भीतर ही दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद आक्रोशित शैलेश ने घर में रखे धारदार हथियार से संगीता पर हमला कर दिया। हमले में संगीता की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सुबह जब पड़ोसी ने देखा मंजर
घटना का खुलासा बुधवार सुबह हुआ। पड़ोस में रहने वाली अनुपमा जब किसी काम से संगीता को बुलाने उसके घर पहुंचीं, तो काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर जब वह अंदर गईं, तो संगीता का लहूलुहान शव देखकर उनके होश उड़ गए। अनुपमा के शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग भी मौके पर जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही सरायइनायत और सहसों पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक (गंगानगर) के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं। सर्विलांस की मदद से आरोपी शैलेश की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद उसे पुलिस ने धर दबोचा।
मायके पक्ष में कोहराम
मृतका संगीता का मायका फूलपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में है। जैसे ही हत्या की खबर मायके वालों को मिली, परिवार में चीख-पुकार मच गई। संगीता की बहनें संतरा देवी और छब्बी देवी रोती-बिलखती मौके पर पहुंचीं। मृतका के भाई संतोष कुमार ने सरायइनायत थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संतोष का आरोप है कि संगीता को अक्सर प्रताड़ित किया जाता था।
मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
संगीता और शैलेश के दो बेटे हैं—बड़ा बेटा शिवम और छोटा बेटा सिद्धार्थ। इस खौफनाक वारदात के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता सलाखों के पीछे है और मां अब इस दुनिया में नहीं रही। गांव वालों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर होने वाला विवाद आज एक बड़ी त्रासदी में बदल गया, जिसने दो मासूमों को अनाथ जैसा बना दिया है।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह का प्रतीत हो रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की असली वजह स्पष्ट हो सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना में किसी और की भी संलिप्तता थी या यह आवेश में आकर उठाया गया कदम था।