News

Lucknow News: 240 अवैध चैंबरों पर 17 को चलेगा बुलडोजर

लखनऊ। कैसरबाग में पुराना हाईकोर्ट परिसर, जिला सत्र न्यायालय, निबंधन कार्यालय, जिलाधिकारी कार्यालय के सामने और पीछे वाली सड़क पर अवैध तरीके से बनाए गए वकीलों के 240 चैंबर ध्वस्त किए जाएंगे। जनहित याचिका और फौजदारी के वाद में हाईकोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई होगी। विधिक प्रक्रिया शुरू करते हए मंगलवार को मौके पर नोटिस चस्पा करने के साथ लाल निशान लगा दिए गए हैं। अब इन्हें 17 मई को तोड़ा जाएगा।

नगर निगम ने नोटिस चस्पा करने और निशान लगाने का काम सुबह करीब छह बजे किया, ताकि कोई बवाल न हो। हालांकि, इस दौरान भारी पुलिस बल मौजूद रहा। नोटिस में खुद कब्जा हटाने के लिए 16 मई तक का समय दिया गया है। ऐसा न करने पर 17 को नगर निगम कब्जे तोड़ेगा।
विज्ञापन

जोनल अफसर ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि 130 नोटिस चस्पा किए गए। जिन चैंबरों पर किसी का नाम नहीं था, उन पर लाल निशान लगाया गया है। समाचार पत्रों में भी सार्वजनिक सूचना प्रकाशित कराई गई है। कब्जेदार दिए गए समय में खुद कब्जा नहीं हटाएंगे तो बाद में इस पर आने वाला खर्च भी उनसे ही वसूला जाएगा और किसी भी क्षति के लिए कब्जेदार ही जिम्मेदार होंगे।
विज्ञापन

कार्रवाई से पहले शुरू कर दिया कब्जा छोड़ना

चैंबर बनाने वाले अमूमन नोटिस की परवाह नहीं करते रहे हैं। बीते साल 12 अक्तूबर को भी नगर निगम और पुलिस ने यहां 20 अवैध चैंबर तोड़े थे, पर बाद में ये फिर बना लिए गए थे। हालांकि, इस बार कार्रवाई से पहले ही कुछ लोगों ने कब्जा छोड़ना शुरू कर दिया है। हाईकोर्ट के सख्त रुख को इसकी वजह माना जा रहा है। जिन लोगों ने सड़क, फुटपाथ, नाले-नालियों पर कब्जा कर चैंबर और फोटोकॉपी की दुकानें बनाई हैं, उनमें ज्यादातर प्रभावी लोग हैं। इनमें नगर निगम में भाजपा का पार्षद भी शामिल है। उनकी फोटो सहित बोर्ड एक चैंबर पर लगा था, जो अब गायब हो गया है।

फुटपाथ पर भी कब्जा कर बना लिए चैंबर

पुराना हाईकोर्ट परिसर के सामने वाली सड़क और राजा नवाब अली रोड को स्मार्ट सिटी योजना में बनाया गया है, लेकिन इसके फुटपाथ पर कब्जा कर चैंबर बना लिए गए हैं। सड़क पर पार्किंग चल रही है, जिससे दिनभर जाम रहता है। जानकारों का कहना है कब्जा करने वाले तहसील वाली रोड, डीएम ऑफिस के पास, पुराना हाईकोर्ट भवन के बाहर, स्वास्थ्य भवन और जिला सत्र न्यायालय के पास सड़क पर अवैध पार्किंग भी चलवाते हैं।

इन सड़कों पर हैं कब्जे

0 स्वास्थ्य भवन चौराहे से चकबस्त चौराहे तक की सड़क के दोनों ओर।

0 सदर तहसील व निबंधन कार्यालय के पास नाले और वहां नारी नाट्य कला तक जाने वाली सड़क पर।

0 रेजीडेंसी से सीएमओ कार्यालय तक जाने वाली सड़क।

0 स्वास्थ्य भवन चौराहे से जिला सत्र न्यायालय की ओर रोडवेज वर्कशॉप के सामने से जाने वाली सड़क।

अवैध चैंबरों पर लगे लाल निशान। 
अवैध चैंबरों पर लगे लाल निशान। 
अवैध चैंबरों पर लगे लाल निशान। 
अवैध चैंबरों पर लगे लाल निशान। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *