Uncategorized

Hardoi News: ईद की चमक से बाजार गुलजार, देर रात तक खरीदारी

कानपुर ब्यूरो
Updated Thu, 19 Mar 2026 11:07 PM IST

Eid celebrations bring buzz to markets, with shopping continuing till late at night

हरदोई। ईद का त्योहार शनिवार को मनाया जाएगा। ईद-उल-फितर का पर्व जैसे नजदीक आ रहा है शहर की बाजारों में भी चहल पहल खासी बढ़ गई है। शहर के प्रमुख बाजारों की दुकानों पर हर तरफ खरीदारों की भीड़ नजर आ रही है। ईद को शानदार ढंग से मनाने के लिए लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

रमजान के इस आखिरी दौर में बाजार की खरीदारी ने जोर पकड़ा है। दिन की चिलचिलाती धूप के बाद लोग इफ्तार के बाद खरीदारी के लिए निकल रहे हैं। देर रात तक बाजारों में ईद की खरीदारी का सिलसिला थम नहीं रहा है। बाजारों में इस बार जबरदस्त वैराइटी देखने को मिल रही है। जहां एक ओर कपड़ों के शोरूम में नए ट्रेंडी परिधानों और जूतों की खरीदारी के लिए युवाओं की भीड़ है, वहीं दूसरी ओर सेवइयों और सूखे मेवों की दुकानों पर भी खासी हलचल है।

किमामी और लच्छेदार सेवइयों की खुशबू से पूरी फिजा महक रही है। दुकानदारों का कहना है कि इस साल ग्राहकों में भारी उत्साह है जिससे व्यापार में भी अच्छी बढ़त देखने को मिल रही है। दुकानदार मुजम्मिल ने बताया कि बाजार में इस बार भी बनारसी लच्छे और बारीक किमामी सेवइयों का बोलबाला है। 70 रुपये से लेकर 160 रुपये प्रति किलो तक की सेवइयां बाजार में उपलब्ध हैं। कपड़ा व्यापारी नौशाद बताते हैं कि ईद पर सितारावाला, लखनवी चिकन कुर्ते की अधिक मांग है। टेरीकॉट और कॉटन के कुर्ते भी खरीदे जा रहे हैं। बाजार में 300 से 1200 तक के कुर्ते उपलब्ध हैं।

साज-शृंगार के प्रति महिलाओं में दिखा उत्साह
महिलाओं में ईद को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। कपड़ों के मैचिंग के गहने, सैंडल और विशेष रूप से चूड़ियों की दुकानों पर महिलाएं जमकर खरीदारी करती नजर आईं। मेहंदी लगवाने के लिए ब्यूटी पार्लरों और बाजारों में बैठे मेहंदी कलाकारों के पास भी भारी भीड़ उमड़ रही है। कॉस्मेटिक दुकानों और ज्वेलरी शोरूम पर महिलाओं की भारी भीड़ जुट रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *