Hardoi News: जम्मू की ट्रेनों में लंबी वेटिंग, एक ट्रेन के रूट डायवर्जन ने बढ़ाई मुश्किलें
कानपुर ब्यूरो
Updated Wed, 18 Mar 2026 10:54 PM IST

हरदोई। नवरात्र और गर्मी की छुट्टियों के मद्देनजर जम्मू की ओर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। जम्मू जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में सीट के लिए मारामारी है। सियालदह एक्सप्रेस और लोहित एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया है। वहीं, कानपुर से चलने वाली ट्रेन का रूट डायवर्ट होने से यात्रियों को अब कंफर्म टिकट मिलना नामुमकिन साबित हो रहा है।
माता वैष्णो देवी के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए ट्रेनों में सीट पाना अब टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। जिले से गुजरने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट के चलते यात्रियों के सामने बीच रास्ते में सफर अटकने का खतरा मंडराने लगा है। जम्मू रूट पर चलने वाली नियमित ट्रेन सियालदह एक्सप्रेस में स्थिति काफी खराब है।
वहीं, साप्ताहिक ट्रेन लोहित एक्सप्रेस में भी टिकट न मिलने से यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। इन ट्रेनों में स्लीपर से लेकर एसी कोच तक में वेटिंग का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया है। आलम यह है कि कई श्रेणियों में नो रूम की स्थिति पैदा हो गई है जिससे नए टिकटों की बुकिंग भी बंद हो गई है। वहीं, कानपुर से होकर जम्मू जाने वाली ट्रेन का मार्ग डायवर्ट कर दिए जाने से जिले के यात्रियों के पास विकल्प कम हो गए हैं। ऐसे में जिन यात्रियों ने पहले से योजना बनाई थी वह अब ऐन वक्त पर रूट बदलने और कंफर्म टिकट न मिलने से खासे परेशान हैं।यात्री मोहित अस्थाना ने बताया कि महीने पहले टिकट की कोशिश की थी लेकिन तब भी वेटिंग थी। अब नवरात्र आ गए और वेटिंग कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है। सीएमआई अंबुज मिश्रा ने बताया कि नवरात्र के चलते जम्मू जाने वाले यात्रियों की संख्या में इजाफा हो जाता है।