UP: आतंकी घटना को अंजाम देने के आरोपियों की कस्टडी रिमांड मंजूर, एनआईए कोर्ट ने दी मंजूरी; एटीएस करेगी पूछताछ

उत्तर प्रदेश में पाकिस्तानी एजेंट के इशारे पर आतंकी घटना को अंजाम देने के आरोपी कृष्णा मिश्रा व दानियाल अशरफ की पुलिस कस्टडी रिमांड एनआईए की विशेष कोर्ट ने मंजूर कर दी है।
विशेष न्यायाधीश नीतू पाठक ने दोनों को सात दिन के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड की मंजूरी दी है। अब एटीएस दोनों से 14 मई सुबह 11 बजे से 20 मई शाम छह बजे तक पूछताछ करेगी।
एटीएस की ओर से विशेष लोक अभियोजक नागेंद्र गोस्वामी ने न्यायालय से आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग की थी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के समय आरोपियों के पास से अवैध असलहे, कारतूस सहित मोबाइल फोन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए थे।
इसके संबंध में उनसे गहनता से पूछताछ की जाना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त आरोपियों के बैंक खाते से हुए संदिग्ध लेनदेन के संबंध में भी विस्तार से पूछताछ की जरूरत है।
आरोपी कृष्णा मिश्रा ने पूछताछ में बताया है कि उसने शोएब व रवि कश्यप के साथ मिलकर गजरौला, अमरोहा में एक पुलिस पर गोली चलाई थी।
वहीं दानियाल ने महाराष्ट्र के नारपोली पुलिस स्टेशन, भिवंडी महाराष्ट्र का वीडियो तथा नवी मुंबई स्थित आरआरएस कार्यालय की लोकेशन को पाकिस्तानी हैंडलर हम्माद को भेजा था। विशेष लोक अभियोजक की मांग पर कोर्ट ने दोनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड स्वीकार कर ली।