Uncategorized

UP: पुलिसकर्मी पत्नी, सास-ससुर ने सिपाही को तीन घंटे तक कमरे में बंधक बनाकर पीटा; पांच के खिलाफ प्राथमिकी

Policewoman wife in-laws hold constable hostage in room three hours beat him FIR lodged against five people

UP Crime: सोनभद्र के राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के चुर्क पुलिस चौकी क्षेत्र में सिपाही पीयूष कुमार की तीन घंटे तक उसी के कमरे में बंधक बनाकर पिटाई की गई। आरोप है कि पुलिसकर्मी पत्नी और सास-ससुर सहित अन्य ने पीटा है। डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पीआरवी की टीम पहुंची तब पीड़ित उनके चंगुल से मुक्त हो पाया। मामले में सिपाही की पत्नी आराधना, गाजीपुर के करीमुद्दीपुर थाना क्षेत्र के कमसड़ी निवासी ससुर जैनू राम, सास उषा देवी, साले अमृतलाल और साढ़ू अवधेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पीयूष कुमार और उसकी पत्नी आराधना दोनों राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में तैनात हैं। पीयूष ने तहरीर में पुलिस को बताया कि 22 अप्रैल की रात चौकी प्रभारी ने आईजीआरएस की आख्या लगाने के लिए बुलाया था। पत्नी ने मना करते हुए शंका जताई कि उसका किसी दूसरे से संबंध है। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। आरोप है कि पत्नी ने उसे दांत से काट लिया और फोन कर अपने मायके वालों से शिकायत की। 

पुलिस ने की कार्रवाई

साथ ही तलाक के लिए दबाव बनाया। 23 अप्रैल की रात वह अपने कमरे में सोया था। रात दो बजे के करीब उसकी पत्नी आराधना, गाजीपुर के करीमुद्दीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कमसड़ी निवासी ससुर जैनू राम, सास उषा देवी, साले अमृतलाल और साढ़ू अवधेश आए। आरोप है कि उसका दरवाजा खुलवाकर उसकी पिटाई की गई। मोबाइल फोन को ईंट से तोड़ दिया गया।

तहरीर में दावा किया गया है कि रात दो बजे उसका कमरे में अंदर से ताला बंद कर दिया गया और सुबह पांच तक उसकी लगातार पिटाई की गई। यह सिलसिला तब तक चला, जब तक कि पीआरवी नहीं पहुंच गई। इससे पहले भी पिटाई की गई थी। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के मुताबिक तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *