UP: भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर खाएंगे ठंडी हवा, इसलिए लगाए जा रहे कूलर; ताकि ट्रिप न हो बिजली
सार
मथुरा में भीषण गर्मी और ओवरलोड के कारण ट्रांसफॉर्मर बार-बार फाल्ट और ब्रेकडाउन का शिकार हो रहे हैं। इन्हें ठंडा रखने के लिए बिजली विभाग ने कूलर लगाने की योजना बनाई है, जिससे बिजली आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है।

भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर खाएंगे ठंडी हवा – फोटो : संवाद न्यूज एजेंसीविज्ञापन
विस्तार
भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना चुनौती बन गया है। बढ़ते तापमान और ओवरलोड के कारण ट्रांसफाॅर्मरों के अत्यधिक गर्म होने से बार-बार फाल्ट और ब्रेकडाउन की समस्या सामने आ रही है। ऐसे में विद्युत निगम ने ट्रांसफाॅर्मरों को ठंडा रखने के लिए उनके सामने कूलर लगाने का निर्णय लिया है।
गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने से ट्रांसफाॅर्मरों पर दबाव बढ़ जाता है। लोड बढ़ने के कारण ट्रांसफाॅर्मर गर्म हो जाते हैं, जिससे उनके फुंकने या ट्रिपिंग की आशंका बढ़ जाती है। इसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ता है। उन्हें घंटों बिजली कटौती झेलनी पड़ती है। उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति मुहैया कराने के लिए निगम ट्रांसफाॅर्मरों के आसपास कूलिंग सिस्टम विकसित करेगा।विज्ञापन
इससे उनकी कार्यक्षमता बनी रहेगी और अचानक आने वाली तकनीकी खामियों में कमी आएगी। वहीं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने बताया कि पारा लगातार बढ़ रहा है। पारा 47 डिग्री सेल्सियस होने पर ट्रांसफॉर्मरों पर कूलर लगाने का कार्य कराया जाएगा। डिमांड आने के बाद कूलर किराए पर लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।